मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका सीधी के वार्ड क्रमांक 07 निवासी गणेश साकेत को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पक्के आवास की चाबी प्रदान की गई। वर्षों से पक्के घर का इंतजार कर रहे गणेश साकेत और उनके परिवार के लिए यह पल बेहद भावुक और खुशी भरा रहा। चाबी हाथ में आते ही परिवार के चेहरे पर अपने घर का सपना पूरा होने की खुशी झलक उठी।

गणेश साकेत बताते हैं कि उनका परिवार लंबे समय तक कच्चे मकान में निवास करता रहा। बारिश एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में कच्चे मकान में रहना परिवार के लिए चुनौतीपूर्ण होता था। सुरक्षित और स्थायी आवास उनके परिवार की लंबे समय से आवश्यकता थी। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब यह सपना साकार हुआ है।

नए पक्के आवास की चाबी मिलने के बाद गणेश साकेत ने कहा कि अपने पक्के घर का सपना पूरा होना उनके परिवार के लिए बहुत बड़ी खुशी है। अब परिवार को मौसम की परेशानियों से राहत मिलेगी और सभी सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण में रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि घर मिलने से उनके परिवार में सुरक्षा और भविष्य को लेकर विश्वास बढ़ा है।

गणेश साकेत ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को केवल पक्का मकान ही नहीं दिया, बल्कि सम्मान के साथ सुरक्षित जीवन जीने का अवसर भी दिया है।

गणेश साकेत के परिवार के लिए आज का दिन वर्षों की उम्मीद पूरी होने का दिन रहा। पक्के आवास की चाबी उनके हाथों में आने के साथ ही उनका अपना घर पाने का सपना हकीकत में बदल गया। प्रधानमंत्री आवास योजना की यह पहल उनके परिवार के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और खुशियों की नई शुरुआत लेकर आई है।