स्थानीय महुआ को बेहतर बाजार और ग्रामीण महिलाओं की आजीविका का आधार बनाने की दिशा में सीधी की 21 महिला स्वयं सहायता समूह सदस्यों को बस्तर में महुआ आधारित उत्पादों के निर्माण की आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (MPSRLM) द्वारा वित्तपोषित तथा इंस्टीट्यूट ऑफ लाइवलीहुड रिसर्च एंड ट्रेनिंग (ILRT), सीधी के तकनीकी सहयोग से सीधी एवं मझौली विकासखंड की महिला समूह सदस्यों को शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण के लिए जगदलपुर, बस्तर रवाना किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाएं बस्तर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में महुआ से तैयार होने वाले उन्नत एवं मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्माण की आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण लेंगी। इसमें महुआ के बेहतर उपयोग के साथ उत्पादों की गुणवत्ता, मूल्य संवर्धन, आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी विपणन की बारीकियां सिखाई जाएंगी।

इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध महुआ को केवल पारंपरिक वन उपज के रूप में उपयोग करने के बजाय उससे गुणवत्तापूर्ण और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए महिलाओं को सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण से महिला समूहों को उत्पाद निर्माण से लेकर पैकेजिंग और बाजार तक पहुंच बनाने की नई जानकारी मिलेगी, जिससे उनकी आय एवं आजीविका के अवसरों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

विधायक ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को किया रवाना

धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने हरी झंडी दिखाकर महिलाओं के शैक्षणिक भ्रमण वाहन को जगदलपुर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय संसाधनों पर आधारित महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण एवं भ्रमण ग्रामीण महिलाओं को नई तकनीक, बेहतर उत्पादन प्रणाली और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराते हैं।

कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी मझौली आकाश अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण लाल पयासी, प्रवीण तिवारी, सरपंच डांगा अखिलेश जायसवाल, विकासखंड प्रबंधक मझौली चंद्रकांत सिंह बघेल, प्रोजेक्ट मैनेजर आईएलआरटी सीधी हिमांशु भारद्वाज, राजीव जायसवाल, आईएफसी शारदा केवट, तहसीलदार दिलीप सिंह, महिमा उत्पादक समूह की अध्यक्ष मंजू सिंह बघेल, बीईओ शैलेंद्र सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश पांडे, एसवीईपी उज्ज्वल मिश्रा, आजाद बहादुर सिंह, अरविंद तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।