माय भारत सेवा पखवाड़ा अभियान 2026 के निर्देशों के परिपालन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, सीधी में स्वच्छता, श्रम, पर्यावरण संरक्षण एवं संगोष्ठी सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी गरिमा जैन ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं, माय भारत स्वयंसेवकों एवं उपस्थित अतिथियों ने श्रमदान करते हुए परिसर की साफ-सफाई की तथा प्लास्टिक कचरे का संग्रहण कर उसके उचित निस्तारण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य एस.एन. त्रिपाठी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें सादगी, सत्य, अहिंसा, स्वावलंबन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी गरिमा जैन, प्राचार्य एस.एन. त्रिपाठी, जिला कमिश्नर गाइड डॉ. श्वेता सिंह, ब्रह्माकुमारी संस्थान की रेखा दीदी, शशि गौतम, वरिष्ठ काउंसलर डॉ. शास्त्री प्रसाद मिश्र, जिला सचिव स्काउट गाइड हरिशंकर पांडे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त राकेश रतन पांडे, जिला सलाहकार समिति के सदस्य कौशल सिंह सहित छात्र-छात्राएं एवं माय भारत स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
गांधी जयंती के अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय से गांधी चौराहे तक स्वच्छता एवं जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त परिसर एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। गांधी चौराहे पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान प्लास्टिक कचरे का संग्रहण कर उचित निस्तारण किया गया।
अभियान में माय भारत स्वयंसेवक संजय गौतम एवं संजीव गुप्ता ने सक्रिय सहभागिता की। उत्कृष्ट विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले माय भारत स्वयंसेवक महेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त परिसर एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, श्रम के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हुए माय भारत सेवा पखवाड़ा के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

