प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना-आयुष्मान भारत जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पात्र मरीजों को उपचार की सुविधा मिलने के साथ महंगे इलाज के खर्च की चिंता से भी राहत मिल रही है।

सीधी जिले के निवासी अशोक कुमार सोनी पिछले करीब दो वर्षों से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। किडनी की समस्या के कारण उन्हें नियमित डायलिसिस की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में उनका उपचार जिला चिकित्सालय सीधी की डायलिसिस यूनिट में किया जा रहा है।

अशोक कुमार सोनी बताते हैं कि सरकारी अस्पताल में उनकी नियमित डायलिसिस की जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उन्हें निःशुल्क डायलिसिस के साथ आवश्यक दवाइयों की सुविधा भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि उपचार की सुविधा मिलने से उनके परिवार पर महंगे इलाज का आर्थिक बोझ नहीं पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। उन्होंने योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाता है। अशोक कुमार सोनी की कहानी इस बात का उदाहरण है कि स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या के बीच समय पर उपचार की सुविधा मिलने से मरीज और उसके परिवार को आर्थिक एवं मानसिक राहत मिल सकती है।

अशोक कुमार सोनी के लिए आयुष्मान भारत केवल उपचार की सुविधा नहीं, बल्कि बीमारी के कठिन दौर में आर्थिक सहारा भी बना है।