अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय सीधी में वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय के नवीन ओपीडी हॉल स्थित एनसीडी कक्ष में किया जाएगा।

सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय सीधी डॉ. दीपा रानी इसरानी ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “दीर्घायु का युग: लम्बे जीवन के लिए व्यवस्थाओं का पुनर्विचार” रखी गई है। थीम के अनुरूप शिविर में वृद्धजनों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जांच एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविर में गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच, मोतियाबिंद के लिए नेत्र परीक्षण, मानसिक स्वास्थ्य जांच तथा बधिरता की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही अस्थि रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला, सर्जरी, क्षय रोग, दंत रोग, मनोरोग एवं फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण और परामर्श प्रदान किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने जिले के वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे 1 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय के नवीन ओपीडी हॉल स्थित एनसीडी कक्ष में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं।