अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम पनवार में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं उपलब्ध कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं विधिक सेवाओं से जोड़ना है। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया जाएगा।

विधिक जागरूकता कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 सहित उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी जाएगी। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित सूचना सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध एल्डरलाइन Elderline 14567 की सुविधा के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, वरिष्ठ नागरिक समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन को सम्मान देते हुए उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के माध्यम से पीढ़ियों के बीच संवाद, अपनापन और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया जाएगा।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन से 1 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम पनवार में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य परीक्षण, विधिक परामर्श एवं उपलब्ध योजनाओं की जानकारी का लाभ लेने की अपील की गई है।