महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले के 568 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस जोगीपुर दक्षिण आंगनबाड़ी केंद्र में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं देव कुमार सिंह की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में महिलाओं, महिला हितग्राहियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहपूर्वक सम्मान किया गया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं देव कुमार सिंह ने आंगनबाड़ी परिसर में मुनगा के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं पोषण के संदेश को बढ़ावा दिया। बच्चों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए गए। आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

खास बातें

  • कार्यक्रम में महिलाओं, महिला हितग्राहियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहपूर्वक सम्मान किया गया।
  • महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
  • जिले के 568 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, हितग्राही एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किए गए। महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी दी गई।

योजनाओं के लाभार्थियों से सांसद ने किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं से प्राप्त लाभ तथा उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में जानकारी ली।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, सम्मान और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और इन्हें पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास की गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाया जा रहा है।

उन्होंने महिलाओं से योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने परिवार एवं समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सांसद ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं एवं बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में महिलाओं एवं हितग्राहियों ने भी योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं समुदाय के बीच संवाद और सहभागिता को बढ़ावा दिया गया। जिले के 568 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, हितग्राही एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हुए।