सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र सिहावल की ग्राम पंचायत चंदवाही में जल संरक्षण एवं जल स्रोत सफाई तथा ‘एक गांव गोद ले–सेवा सेतु’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक विधानसभा क्षेत्र सिहावल विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है। जल संरक्षण और जल स्रोतों की सफाई भविष्य के लिए जीवन बचाने तथा स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सबसे जरूरी कदम हैं। जल सुरक्षित रहेगा, तभी भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

विधायक ने ग्राम पंचायत चंदवाही में अब तक स्वीकृत कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ग्राम चंदवाही का चयन वृंदावन ग्राम के रूप में किया गया है। अब ग्राम को गोद लेकर मूलभूत सुविधाओं के विकास, हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ दिलाने, आजीविका के साधन उपलब्ध कराने तथा अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्य समय-सीमा में कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से ग्राम का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की जनभागीदारी से जल स्रोत की सफाई एवं स्वच्छता का कार्य किया गया। ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में एसडीएम राकेश शुक्ला, पुष्पेंद्र पाण्डेय, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, टीआई राजेश पाण्डेय, सरपंच प्रतिनिधि भूपेंद्र पाण्डेय, रमेश तिवारी, रविनंदन सिंह, योगेन्द्र नाथ पाठक, दिलीप सोनी, संतोष साहू, अमर बहादुर सिंह, रितेश गुप्ता, अशोक सिंह, समारू कोल, अरुण पाठक सहित क्षेत्रीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।