सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वड़नगर (गुजरात) तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा का गुरुवार को मुरैना जिला मुख्यालय पहुंचने पर आत्मीय स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल बाइक सवार युवाओं का सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर एवं महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने स्वागत किया। इस अवसर पर पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के उपरांत सेवा संकल्प यात्रा मुरैना से सबलगढ़ के लिए रवाना हुई।

मुरैना पहुंची यात्रा में पश्चिम बंगाल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं वाराणसी से आए बाइक सवार युवा शामिल रहे। यात्रा के मुरैना पहुंचने पर युवाओं ने सर्वप्रथम पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यात्रा में शामिल युवाओं ने श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थान की साफ-सफाई की और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान के पश्चात सेवा संकल्प यात्रा शहीद स्मारक पहुंची, जहां पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर एवं महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर यात्रा में शामिल युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों ने भी पौधरोपण में सहभागिता की। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ भावी पीढ़ी के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।

सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। यात्रा के मुरैना जिले में प्रवेश से लेकर विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। न्यू हाउसिंग बोर्ड, छैरा, जौरा, कैलारस सहित मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, आयुक्त नगर निगम श्री सत्येन्द्र धाकरे, समाजसेवी डॉ. योगेशपाल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में शहरी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।