सीधी जिले के ग्राम मवई निवासी चेतमणि मिश्रा, उम्र 50 वर्ष, पिछले आठ वर्षों से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां खराब होने के कारण उन्हें नियमित डायलिसिस की आवश्यकता होती है। लंबे समय से उनका उपचार जिला चिकित्सालय सीधी की डायलिसिस यूनिट में किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत चेतमणि मिश्रा को निःशुल्क डायलिसिस और आवश्यक दवाइयों की सुविधा मिल रही है। इससे उन्हें उपचार पर होने वाले हजारों रुपये के मासिक खर्च से राहत मिली है और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उनका उपचार निरंतर जारी है।

चेतमणि मिश्रा बताते हैं कि बीमारी के लंबे इलाज के दौरान आयुष्मान कार्ड उनके लिए बड़ी मदद बना है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में उनका नियमित डायलिसिस होता है और आयुष्मान कार्ड के माध्यम से डायलिसिस एवं दवाइयां निःशुल्क मिल रही हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए उपचार का सहारा बनी है।

आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है।