शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट में प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर की अध्यक्षता में यूथ रेड क्रॉस, एनएसएस, रेड रिबन क्लब एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया गया।

अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता, सिकल सेल एनीमिया एवं हीमोग्लोबिन जांच शिविर के साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग ऑफिसर्स, पैरामेडिकल स्टाफ एवं सहयोगी दल द्वारा छात्राओं एवं महाविद्यालयीन स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान छात्राओं का वजन, ऊंचाई, बीएमआई, हीमोग्लोबिन स्तर एवं सिकल सेल परीक्षण सहित आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दर्ज की गई।

खास बातें

  • नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के महत्व, कचरा प्रबंधन तथा व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य के बीच संबंध के प्रति जागरूक किया गया।
  • कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
  • ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, कार्यालयीन स्टाफ एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

चिकित्सकीय परामर्श के बाद आवश्यकता के अनुसार छात्राओं को दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में जानकारी दी गई। आरबीएसके की चिकित्सा अधिकारी डॉ. त्रिवेणी मेश्राम, चिकित्सा अधिकारी डॉ. त्रिवेणी सोनी एवं श्री संजय मानेश्वर, एपीए ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

साथ ही एड्स एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। शिविर में कुल 142 छात्राओं एवं महाविद्यालयीन स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयोजन में चिकित्सा अधिकारियों के साथ नर्सिंग ऑफिसर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट एवं सपोर्टिंग स्टाफ ने सहयोग किया। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर ने छात्राओं को पौष्टिक भोजन एवं स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी।

इसी क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की स्वयंसेविकाओं द्वारा समाज सेवा एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के महत्व, कचरा प्रबंधन तथा व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य के बीच संबंध के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, कार्यालयीन स्टाफ एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।