प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान-2026 का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम लांजी नगर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ हुआ। नगर परिषद लांजी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों सहित सभी वार्डों में लगभग 13 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

दीपों और आकर्षक रोशनी से पूरा नगर जगमगा उठा। नगर के कोटेश्वर मंदिर परिसर, काली मंदिर परिसर, गायत्री मंदिर परिसर, सुभाष चौक बस स्टैंड, गणेशी तालाब, नगर परिषद कार्यालय परिसर, अमृत बाल उद्यान सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों एवं नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किए।

इस दौरान विभिन्न स्थानों पर विशेष लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम में विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, मंडल अध्यक्ष लांजी श्री आलोक चौरसिया, जिला पंचायत विधायक प्रतिनिधि श्री गौरव बैस, सांसद प्रतिनिधि श्री राकेश रामटेक्कर, मंडल अध्यक्ष बिसोनी श्री देवेश ऐडे सहित नगर परिषद के उपाध्यक्ष श्री संदीप रामटेक्कर, सभापति, पार्षद एवं मनोनीत पार्षद तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नगर प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता की।

17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सेवा चित्र’, ‘नमो सेवा’, ‘आंगन का मिलन’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु-साकार आपके द्वार’, ‘सेवा के रंग’, ‘25 साल-25 कहानियां’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसके साथ ही विकसित भारत संकल्प यात्रा, रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, अंगदान संकल्प, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, जल संरक्षण एवं जलस्रोतों की सफाई, योग एवं खेल गतिविधियां, ग्राम सेवा, शिक्षा सहयोग, साक्षरता एवं जागरूकता, सामाजिक सरोकार एवं सम्मान तथा करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी मयूर वाहने ने नगरवासियों से सेवा संकल्प अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है।