राजपुर गांव निवासी पवन यादव ने मेहनत और लगन से अपने छोटे से व्यवसाय को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वर्ष 2012 में उन्होंने छोटे स्तर पर टेंट सामग्री का व्यवसाय शुरू किया था। समय के साथ व्यवसाय को विस्तार देने की इच्छा थी, इसी दौरान उन्हें उद्योग विभाग की उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली।

योजना के माध्यम से पवन यादव ने 2.75 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर अपने टेंट व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया। ऋण की सहायता से उन्होंने टेंट सामग्री के व्यवसाय का विस्तार किया और आज उनका व्यवसाय बेहतर आय का माध्यम बन चुका है। वर्तमान में उन्हें व्यवसाय से प्रतिवर्ष लगभग 6 से 7 लाख रुपये का लाभ प्राप्त हो रहा है।

पवन यादव व्यवसाय के साथ-साथ अपनी 5 से 6 बीघा जमीन पर खेती भी करते हैं। इस प्रकार व्यवसाय और कृषि, दोनों उनके परिवार की आर्थिक मजबूती का आधार बने हुए हैं। पवन यादव बताते हैं कि पहले वे खेती करते थे जिससे घर का खर्चा ही निकल पाता था। उन्होंने खुद का व्यवसाय प्रारंभ करने का सोचा जिससे घर के खर्चों के साथ साथ बच्चों की पढ़ाई अच्छे से हो सके।

उन्होंने छोटे स्तर पर टेंट सामग्री का व्यवसाय प्रारंभ किया, जिससे उनकी आमदनी बढ़ी। उसके बाद, उन्हें उद्योग विभाग के माध्यम से उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली और उन्हें शासन द्वारा इस व्यवसाय को स्थापित करने में मदद मिली. उनके दो बच्चे हैं, जो स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। उनका सपना है कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाएं।

वे कहते हैं कि मेहनत, स्वरोजगार और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर व्यक्ति अपने परिवार के भविष्य को बेहतर बना सकता है। पवन यादव अब अपने टेंट व्यवसाय को और अधिक विस्तारित करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

वे उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि शासन की योजनाएं छोटे उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही हैं। सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया