मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत सीधी जिले के शासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 1062 विद्यार्थियों को 73 लाख 10 हजार 177 रुपये की छात्रवृत्ति का भुगतान किया गया है।

विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए एमपीटास पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। नोडल प्राचार्यों द्वारा आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन किए जाने के बाद पात्र विद्यार्थियों के एकल बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि अंतरित की गई।

विभाग के अनुसार, शासन द्वारा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के उद्देश्य से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को नियमानुसार छात्रवृत्ति का लाभ दिया जा रहा है।