शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय मझौली में मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशन एवं प्राचार्य डॉ. गीता भारती के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थी सिलाई-कढ़ाई की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही तैयार उत्पादों को उपयोगी एवं बाजारोन्मुख बनाने का अभ्यास भी कराया जा रहा है। प्रशिक्षण को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार सिलाई-कढ़ाई का कार्य कम लागत में शुरू किया जा सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त कर विद्यार्थी अपने स्तर पर स्वरोजगार प्रारंभ कर आय का साधन विकसित कर सकते हैं। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में कौशल विकास के साथ आत्मनिर्भरता एवं उद्यमिता की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्राचार्य डॉ. गीता भारती ने कहा कि शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों को बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

