मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के तहत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी में 23 सितंबर को जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पूर्व प्राध्यापक प्रोफेसर आर.बी.एस. चौहान रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने प्रतिभागी महाविद्यालयों की टीमों, कोच, मैनेजर और खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

प्रतियोगिता के दौरान पुरुष एवं महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले हुए। पुरुष वर्ग में संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय सीधी विजेता तथा शासकीय महाविद्यालय सिहावल उपविजेता रहा। वहीं महिला वर्ग में संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय सीधी विजेता तथा शासकीय महाविद्यालय मझौली उपविजेता रहा।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर आर.बी.एस. चौहान ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रोफेसर के.एस. नेताम एवं प्रोफेसर आई.पी. प्रजापति का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता में कैलाश वर्मा एवं सुधीर पांडे ने निर्णायक की भूमिका निभाई।