भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई में भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ का आयोजन पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है। 17 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। इस वर्ष के अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।
इसी क्रम में आज आईआईटी भिलाई के एलडीसी लेवल-2 में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के छात्रों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों द्वारा स्वच्छता शपथ ली गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का दृढ़ संकल्प लिया।
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राजीव प्रकाश के सम्पूर्ण मार्गदर्शन में संचालित इस ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से आईआईटी भिलाई द्वारा स्वच्छता, स्वच्छ परिसर, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों की श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान का भव्य समापन 2 अक्टूबर 2026 को ‘स्वच्छ भारत दिवस’ (गांधी जयंती) के ऐतिहासिक अवसर पर किया जाएगा। आईआईटी भिलाई अपने परिसर और समाज में स्वच्छता के प्रति सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और राष्ट्र निर्माण के इस पुनीत कार्य में अपना सक्रिय योगदान दे रहा है।


