मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को सिरोंज तहसील के 25 ग्रामों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को शासन की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहजता और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना रहा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में नागरिकों की आधार संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष काउंटर संचालित किए गए।
जिला नोडल अधिकारी श्री अमित अग्रवाल ने बताया कि शिविरों के दौरान आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीण नागरिकों को नवीन आधार कार्ड बनवाने के साथ ही आधार में आवश्यक सुधार एवं अपडेशन की सुविधा मौके पर ही प्रदान की गई। इससे नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूरस्थ केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान संभव हुआ।
उन्होंने बताया कि शनिवार को सिरोंज तहसील के 25 ग्रामों में आयोजित शिविरों में कुल 74 नागरिकों की आधार संबंधी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। इनमें 23 नागरिकों के नवीन आधार कार्ड बनाए गए, जबकि 51 हितग्राहियों को आधार में सुधार एवं अपडेशन संबंधी सेवाओं का लाभ मिला।
आधार सुधार संबंधी कार्यों में 15 नागरिकों के मोबाइल नंबर एवं पता सुधार का कार्य किया गया, जबकि 36 हितग्राहियों के आधार संबंधी अपडेशन का कार्य मौके पर पूर्ण किया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सेवाओं को नागरिकों के नजदीक पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शिविरों में आधार जैसी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता से ग्रामीण नागरिकों को समय और संसाधनों की बचत के साथ ही अपने दस्तावेजों को अद्यतन कराने में सुविधा मिली।

