महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत टकटैया, जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में जल अर्पण महोत्सव, अस्पृश्यता निवारण एवं सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल ग्राम नल-जल प्रदाय योजना का हस्तांतरण एवं शुभारंभ सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से एक ओर जहां ग्रामीणों को हर घर नल से जल की सुविधा का लाभ मिला, वहीं दूसरी ओर पौधारोपण, श्रमदान, स्वच्छता, नशामुक्ति की शपथ और सहभोज जैसी गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक समरसता एवं सद्भाव का संदेश दिया गया।

जल जीवन मिशन के तहत टकटैया में 125 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी, 1180 मीटर पाइपलाइन एवं 450 नल कनेक्शन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को नल से जल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। योजना के हस्तांतरण एवं शुभारंभ के अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि घर तक नल से जल पहुंचने से ग्रामीण परिवारों के समय और श्रम की बचत होगी तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से स्वास्थ्य संबंधी लाभ भी प्राप्त होंगे।

सांसद ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उसके जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है। उन्होंने क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा प्रत्येक घर तक बिजली पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से कोई भी घर नल-जल की सुविधा से वंचित न रहे, इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

पौधारोपण, श्रमदान और सहभोज से दिया सामाजिक समरसता का संदेश

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित सद्भावना शिविर के तहत शांति धाम टकटैया में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में सामूहिक श्रमदान, नशामुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ तथा सहभोज का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक भेदभाव को दूर करने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा समाज में समानता एवं सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

शिविर में अस्पृश्यता निवारण एवं सामाजिक समरसता से संबंधित विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य महात्मा गांधी के समानता, सद्भाव और भेदभाव-मुक्त समाज के विचारों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना रहा।

कलेक्टर ने गांव का भ्रमण कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं समस्याओं को कलेक्टर विकास मिश्रा ने सुना। कुछ प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने टकटैया गांव का भ्रमण कर जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से योजना के क्रियान्वयन एवं नल-जल सुविधा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की अन्य समस्याओं को भी सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य सुषमा कुशवाहा, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद शासी निकाय के सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी जनजाति कार्य विभाग के.के. पाण्डेय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री त्रयम्बकेश कुमार द्विवेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डॉ हरीश केशरवानी, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद मुकेश गौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।