विद्यार्थियों में पर्यावरण, जंगल और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता एवं संरक्षण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय मोगली उत्सव में सीधी विकासखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कनिष्ठ और वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 सीधी में किया गया, जिसमें जिले के पांचों विकासखंडों की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में सीधी विकासखंड प्रथम, कुसमी द्वितीय तथा मझौली तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार वरिष्ठ वर्ग में सीधी विकासखंड ने प्रथम, सिहावल ने द्वितीय तथा रामपुर नैकिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
खास बातें
- आभार प्रदर्शन उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के प्राचार्य डॉ. एस.एन. त्रिपाठी ने किया।
- चयनित प्रतिभागी 26 अक्टूबर 2026 को सीधी से जबलपुर होते हुए सिवनी के लिए रवाना होंगे।
- राज्य स्तरीय मोगली उत्सव का आयोजन 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक पेंच राष्ट्रीय उद्यान सिवनी में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण, वन्यजीव एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनंजय मिश्रा एवं जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन जिला नोडल अधिकारी एवं क्विज मास्टर वीरेंद्र सिंह बघेल प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल बरिगवा ने किया। आयोजन में मास्टर ट्रेनर राकेश रतन पांडे, इको क्लब से रोहिणी प्रसाद पाठक, उच्च माध्यमिक शिक्षक वंदना शुक्ला, हरिओम शुक्ला एवं गुरु प्रसाद साहू ने सहयोग प्रदान किया। आभार प्रदर्शन उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के प्राचार्य डॉ. एस.एन. त्रिपाठी ने किया।
राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में सीधी के चार प्रतिभागी
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग से एक छात्र एवं एक छात्रा तथा कनिष्ठ वर्ग से एक छात्र एवं एक छात्रा का चयन राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव के लिए किया गया है। चयनित प्रतिभागी 26 अक्टूबर 2026 को सीधी से जबलपुर होते हुए सिवनी के लिए रवाना होंगे। राज्य स्तरीय मोगली उत्सव का आयोजन 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक पेंच राष्ट्रीय उद्यान सिवनी में किया जाएगा।
