ग्राम पड़रिया कला निवासी रन्नो बाई कोल के जीवन में जल जीवन मिशन के तहत घर तक नल से जल की सुविधा पहुंचने के बाद बड़ा बदलाव आया है। कुछ वर्ष पहले तक उन्हें परिवार के लिए पानी जुटाने के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों तक जाना पड़ता था। पानी भरने और उसे घर तक लाने में उनका काफी समय और श्रम खर्च होता था। कई बार घंटों इंतजार के बाद पानी उपलब्ध हो पाता था।
रन्नो बाई बताती हैं कि पानी लाने की जिम्मेदारी के कारण घर के दूसरे काम, बच्चों की देखभाल और परिवार को समय देना भी प्रभावित होता था। स्वच्छ पानी की उपलब्धता भी हमेशा सुनिश्चित नहीं रहती थी।
जल जीवन मिशन के तहत उनके घर में नल कनेक्शन पहुंचने के बाद अब उन्हें पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता। घर में ही नल से पानी उपलब्ध होने लगा है। इससे समय और श्रम की बचत हो रही है तथा वे इस समय का उपयोग परिवार की देखभाल, पशुपालन और अन्य घरेलू एवं आयवर्धक कार्यों में कर पा रही हैं।
रन्नो बाई कहती हैं, “अब हमें पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता। घर में ही नल से साफ पानी मिल जाता है। इससे हमारी जिंदगी बहुत आसान हो गई है। पहले पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी, अब वही समय परिवार और दूसरे कामों में लगा पाती हूं।”
घर में नल से जल की उपलब्धता से परिवार में स्वच्छता बनाए रखना भी आसान हुआ है। बच्चों की देखभाल और पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए भी उन्हें अधिक समय मिल रहा है।
रन्नो बाई कोल के लिए जल जीवन मिशन घर तक पानी पहुंचाने के साथ-साथ समय की बचत, सुविधा, स्वच्छता और बेहतर जीवन की नई राह लेकर आया है। आज उनकी कहानी ग्रामीण परिवारों के जीवन में नल-जल सुविधा से आ रहे सकारात्मक बदलाव की प्रेरक मिसाल है।
