सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, रचनात्मकता एवं विकसित भारत की संकल्पना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थियों ने चित्रों एवं अपने विचारों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर, स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त भारत की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपराही एवं शासकीय हाई स्कूल तिलया में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत, स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त भारत जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए तथा भाषण के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मऊगंज विधायक श्री प्रदीप पटेल ने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचार जाने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के विकास, सामाजिक दायित्व एवं जनसेवा से जुड़कर अपने ‘सपनों के भारत’ की संकल्पना को साकार करने की प्रेरणा मिली।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है। अभियान के माध्यम से विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है।

