ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में कौशल उन्नयन तथा स्वरोजगार गतिविधियों में प्रशिक्षण देने के लिए जिले के लीड बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा सगरा में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी का संचालन किया जा रहा है। इस संबंध में अग्रणी बैंक प्रबंधक विनय कुमार जायसवाल ने बताया कि आरसेटी में ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष की आयु वर्ग के व्यक्तियों को नि:शुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के बाद इनके प्लेसमेंट के लिए भी प्रयास किए जाते हैं। प्रशिक्षित व्यक्तियों को बैंकों के माध्यम से चयनित गतिविधियों में ऋण और अनुदान देकर उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर भी दिया जा रहा है। संस्थान में कम्प्यूटर, सिलाई, ब्यूटीपार्लर, फास्टफूड, स्टॉल, जूट बैग निर्माण, आर्टिफीशियल ज्वेलरी तथा खिलौने बनाने का प्रशिक्षण देने के लिए पंजीयन किया जा रहा है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रशिक्षणार्थियों का चयन किया जाएगा।
स्वरोजगार के इच्छुक ग्रामीण क्षेत्र के निवासी प्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं। आरसेटी ग्राम लौआ सगरा में बक्छेरा मोड़ के पास संचालित है।

